मूसेवाला हत्याकांड में बुलंदशहर के शाहबाज ने लारेंस गैंग को सप्लाई किए थे असलहे, NIA ने दबोचा

Rohit Kumar
2 Min Read

नई दिल्ली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक फरार अपराधी शाहबाज अंसारी को गिरफ्तार किया है. दावा है कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को मारने के लिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को हथियार और गोला-बारूद की आपूर्ति इसी ने की थी (Sidhu Moosewala murder case NIA arrested criminal Shahbaz Ansari).

एनआईए ने शाहबाज अंसारी उर्फ ​​शहजाद को देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए धन जुटाने और युवाओं की भर्ती करने के आरोप में बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है. उस पर भारत और विदेश में स्थित आपराधिक सिंडिकेट और गिरोहों के सदस्यों द्वारा रची गई साजिश में शामिल होने का भी आरोप है.

एनआईए के एक अधिकारी ने कहा, ‘इन सदस्यों ने देश के लोगों के मन में आतंक पैदा करने के इरादे से टारगेट किलिंग सहित अन्य जघन्य अपराधों को अंजाम देने की योजना बनाई.’ मामला शुरू में एफआईआर संख्या 238/2022 के रूप में 4 अगस्त, 2022 को स्पेशल सेल, लोधी कॉलोनी, दिल्ली में दर्ज किया गया था. 26 अगस्त को एनआईए ने इसे फिर से पंजीकृत किया.

जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए अंसारी ने आरोपी लॉरेंस बिश्नोई को हथियार और गोला-बारूद की आपूर्ति की थी और उन्हीं हथियारों का इस्तेमाल प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में किया गया था.

इससे पहले 18 अक्टूबर को एनआईए ने अंसारी के घर की तलाशी ली थी और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के कागजात, डिजिटल उपकरण, स्टार-ब्रांड पिस्तौल सहित कई आपत्तिजनक दस्तावेज और लेख जब्त किए थे. एनआईए अधिकारी ने कहा, ‘इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है.’

Share This Article
Leave a Comment