राजस्थान। बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के छाजा गांव में महिला से चेन लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना 20 जुलाई की शाम को हुई थी, जब एक किराना दुकान पर बैठी महिला के गले से चेन लूट ली गई। पुलिस ने मामले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो अंतरराज्यीय चेन स्नेचिंग गिरोह का सदस्य है। वारदात में इस्तमाल की गई मोटरसाइकिल, बैग और मोबाइल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
ग्रामीणों की बहादुरी से पकड़ा गया आरोपी
चेन लूट के बाद जब आरोपी भाग रहे थे, तो ग्रामीणों ने उनका पीछा किया। बरकोटा घाटी के पास मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ने से वे सड़क से उतर गए। इसी दौरान छाजा निवासी जगदेवसिंह ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी राजू क़ीर निवासी कोटड़ा बड़ा को पकड़ लिया। जबकि उसका साथी लोकेश क़ीर फरार हो गया।
अकेली महिलओं को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, आरोपी गैंग मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता है। वे दुकानों पर अकेली महिलाओं को निशाना बनाते हैं और सामान खरीदने के बहाने चेन लूटकर भाग जाते हैं।
कई और शहरों में भी लूटी चैन
पूछताछ में आरोपी राजू ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर राजस्थान (बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़) और गुजरात (संतरामपुर, सूरत, बड़ोदरा) में कई चेन लूट की घटनाएं की हैं। उसने यह भी कबूला कि पुरानी वारदातों से मिली रकम से उसने मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।

