वेव सिटी से 16 वर्षीय किशोरी लापता, परिजनों ने दर्ज कराया अपहरण का केस

Amit
2 Min Read

गाजियाबाद –  वेव सिटी थाना क्षेत्र की शंकर विहार कॉलोनी से 16 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी बीते 20 अप्रैल से घर नहीं लौटी है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार, शंकर विहार कॉलोनी निवासी मुन्नी देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी 20 अप्रैल की शाम घर से किसी काम का कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। देर रात तक बेटी के घर न पहुंचने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।

परिजनों का कहना है कि किशोरी पहले भी कभी-कभी बिना बताए रिश्तेदारी में चली जाती थी। इसी वजह से परिवार ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी खोजबीन की। कई दिनों तक तलाश के बावजूद जब कोई जानकारी नहीं मिली, तब परिवार ने पुलिस से मदद मांगी।

मामले में एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment