रिटायर्ड फौजी ने अपने साथी से मांगी बीस लाख रुपये की रंगदारी, गिरफ्तार

Rohit Kumar
2 Min Read

कोरोना महामारी के चलते लगे लॉकडाउन में सेना से रिटायर्ड एक फौजी को करीब एक करोड़ रुपये का घाटा हो गया। जिसके चलते वो लाखों के कर्ज में डूब गया। इस कर्ज की अदायगी को देने के लिए फौजी ने अपने एक दोस्त को फोन कर उससे 20 लाख रुपये की रंगदारी की डिमांड कर डाली। पीड़ित दोस्त ने इसकी जानकारी थाना पुलिस को दी। थाना पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से जांच पड़ताल की तो पूरा मामला खुल गया। पुलिस ने आरोपी रिटायर्ड सैन्यकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है।

शील कुंज निवासी विकास कुमार सेना से रिटायर्ड है। 28 सितंबर को वह देहरादून गए थे। रात में वो देहरादून ही रुक गए। इसी दौरान विकास के नंबर पर एक कॉल आई। जिसमें कॉलर ने धमकी देने के साथ ही व्हाट्सएप पर धमकी भरे मैसेज भी किए। विकास ने इसको अनदेखा कर दिया। इसके बाद एक अक्तूबर को फिर दूसरे नंबर पर धमकी भरी कॉल आई। इसके बाद उसने धमकी भरी कॉल रिकार्ड कर ली और उसको लेकर थाना पल्लवपुरम पर पहुंचकर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस का सहारा लिया। जिसके बाद पुलिस ने दीपक मूल निवासी बागपत जो कि वर्तमान में वेदव्यासपुरी फेज वन कंकरखेड़ा में रह रहा है गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि पीड़ित विकास कुमार और आरोपी दीपक दोनों सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी हैं। दोनों आपक में गहरे दोस्त हैं। आरोपी दीपक ने बताया कि उसने नव्या आयुर्वेद वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से एक कंपनी की शुरूआत की थी। कोरोना महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन से उसे करीब एक करोड़ रुपये का घाटा हुआ। उसके बाद से वह लगातार कर्ज में डूबता चला गया। कर्ज से वह काफी परेशान था। उसने विकास से 10 लाख रुपये उधार मांगे थे। लेकिन दोस्त ने रुपये देने से इंकार कर दिया। इसके बाद उसने फोन पर उससे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये नहीं देने पर परिवार सहित मारने की धमकी दी।

Share This Article
Leave a Comment