मोहब्बत में बदला धर्म तो बौखलाया पहला पति, मारा चाकू, पुलिस एनकाउंटर में अरेस्ट

Rohit Kumar
3 Min Read

यूपी के रामपुर जिले में धर्म बदलकर प्रेम विवाह करनी वाली युवती के पहले पति संग पुलिस की मुठभेड़ हो गया। एक दिन पहले पूर्व पति ने धर्म बदलकर शादी करने वाली युवती की ससुराल जाकर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने इस दौरान उसके चचेरे भाई को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि आरोपी पूर्व पति फरार था।

शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर आरोपी पूर्व पति ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी पैर में गोली लगने से जख्मी हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पूर्व पत्नी पर जानलेवा हमला करने में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

भुड़ासी गांव निवासी नजरूम जहां उर्फ नेहा की शादी 2018 में मुरादाबाद के मैनाठेर थाना के गांव मसैबी निवासी नूरआलम के साथ हुई थी। नजरूम का प्रेम प्रसंग गांव के ही निवासी कृष्णपाल से था। लिहाजा, शादी के आठ दिन बाद ही वह नूरआलम को छोड़कर प्रेमी के पास अपने गांव आ गई थी। यहां आकर उसने धर्म परिवर्तन किया और नजरूम से नेहा कुमारी बन कर प्रेमी कृष्णपाल से शादी कर ली।

नूरआलम गुरुवार को पूर्व पत्नी की ससुराल में घुस गया था और नेहा की जान लेने के इरादे से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। नेहा को बचाने की कोशिश कर रहीं उसकी सास नारायणी देवी और जेठानी मनोरमा को जख्मी कर दिया था। इस मामले में नूरआलम, नेहा के पिता इदरीश अंसारी समेत चार लोगों पर केस दर्ज किया गया था। पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी नूर आलम रामगंगा पुल के पास जंगल में छिपा हुआ है।

सूचना पर कोतवाल अजय मिश्रा फोर्स के साथ पहुंच गए। आरोप है कि नूरआलम ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस कर्मियों ने खुद को किसी तरह बचाया। इसके बाद मोर्चा संभालते हुए कोतवाल अजय मिश्रा ने जवाबी फायर कर दिया। गोली सीधे नूरआलम के पैर में लगी। पुलिस टीम ने जख्मी नूर आलम को गिरफ्तार कर लिया।

कई थानों की फोर्स पहुंची

मुठभेड़ की वायरलेस पर खबर हुई तो कई थानों की फोर्स दौड़ पड़ी। सभी सीधे मौके पर पहुंचे। फोरेसिंक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। उन्होंने अपने स्तर से मौके पर कार्रवाई की। आरोपी के खून, मिट्टी आदि के सैम्पल भरे।

शाहबाद कोतवाल अजय मिश्रा का कहना है कि नूरआलम घटना के बाद से रामगंगा के पास जंगल में छिपा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस पहुंची तो नूरआलम ने फायरिंग कर दी। मजबूरी में हमें उस पर गोली चलानी पड़ी। पैर में गोली लगी है। घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment