नशे में नाबालिग दोस्त से रेप, दोबारा मिलने से मना किया तो वायरल कर दिया Video

Rohit Kumar
3 Min Read

लखनऊ के हसनगंज कोतवाली में हाईस्कूल छात्रा से रेप और वीडियो वायरल करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पीड़िता के मोहल्ले में रहता था। जहां से दोनों की दोस्ती हुई। घुमाने के बहाने से युवक छात्रा को लेकर रिश्तेदार के घर पहुंचा। जहां आरोपी ने रेप किया। विरोध करने पर छात्रा को धमकाने लगा। दोस्त की हरकत से परेशान छात्रा ने परिवार को घटना की जानकारी दी। जिसके आधार पर दुराचार का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

स्कूल जाते वक्त हुई थी मुलाकात

हसनगंज निवासी 15 वर्षीय किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। मोहल्ले में सोमिल चौधरी किराए के मकान में रहता था। छात्रा के घर से स्कूल जाते वक्त आरोपी उसका पीछा करने लगा। मोहल्ले में रहने के कारण छात्रा भी उसे पहचानती थी। ऐसे में दोनों के बीच दोस्ती हो गई। जिसके बाद वह लोग अक्सर मिलने लगे। कुछ दिन पूर्व सोमिल के कहने पर छात्रा उसके साथ घूमने के लिए गई थी। पीड़िता के अनुसार सोमिल उसे इन्दिरानगर स्थित एक मकान में ले गया। पूछने पर बताया कि भाभी का घर है। जो परिवार संग बाहर गई हुई हैं। इसके बाद आरोपी ने छात्रा को नशीला पदार्थ पिला दिया। बेहोशी की हालत में सोमिल ने रेप किया। कुछ देर बाद होश आने पर पीड़िता ने सोमिल की हरकत का विरोध किया। वह घर जाने की जिद करने लगी। इस पर आरोपी ने मोबाइल में रिकार्ड आपत्तिजनक हालत में बनाई वीडियो दिखाई।

इंस्टाग्राम पर वीडियो की वायरल

पीड़िता के मुताबिक सोमिल की हरकत से वह काफी सहम गई थी। जिसके कारण उसने आरोपी से मिलना बंद कर दिया। इस बीच सोमिल भी डालीगंज स्थित किराए का मकान छोड़ कर गोमतीनगर में रहने के लिए चला गया। लेकिन फोन कर पीड़िता पर मिलने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी। जिसमें छात्रा के साथ ही उसके कई रिश्तेदारों को भी टैग किया गया। सोमिल की यह करतूत पीड़िता को रिश्तेदारों के जरिए पता चली। पीड़िता ने हसनगंज कोतवाली में शिकायत कराई। जिसके आधार पर सोमिल चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, छात्रा का भी मेडिकल चेकअप कराया गया है।

Share This Article
Leave a Comment