नोएडा। सेक्टर फेज-2 स्थित एक प्रमुख इंजीनियरिंग और रक्षा टेक्नोलॉजी कंपनी का शनिवार को विशेष दौरा होने जा रहा है, जिसमें देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है। इस हाई-प्रोफाइल विज़िट के मद्देनज़र नोएडा प्रशासन और प्राधिकरण शुक्रवार को दिनभर तैयारियों में जुटा रहा।
राफे एमफाइबर नामक यह कंपनी भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों के लिए ड्रोन, मानव रहित यानों के इंजन और अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण करती है। दौरे को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद फेज-2 औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया।
सड़क से लेकर सुरक्षा तक, हर पहलू पर काम तेज
दोपहर से देर शाम तक लगातार निरीक्षण और दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए सभी संभावित मार्गों का भौतिक सत्यापन किया। सड़क मरम्मत, सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई, ताकि बारिश की स्थिति में जलभराव जैसी समस्या न आए।
यातायात व्यवस्था सुदृढ़, अस्थायी डायवर्जन संभव
हालांकि अभी तक ट्रैफिक डायवर्जन की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन डीएनडी, चिल्ला बॉर्डर, सेक्टर-93 कट, फेस-2, एसईजेड और सेक्टर-62 जैसे इलाकों में जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की है, ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
2500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, सुरक्षा चाक-चौबंद
पूरे दौरे के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर की होगी। करीब 2500 पुलिसकर्मी, पीएसी जवान, आर्मी से जुड़ी टीमें और खुफिया एजेंसियों की टीमें तैनात रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी खुद जेसीपी और डीसीपी रैंक के अधिकारी करेंगे।
सीसीटीवी और इंटेलिजेंस की पैनी नजर
शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। साथ ही, खुफिया विभाग को सतर्क किया गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
