अर्धनग्न अवस्था में मिला महिला का शव, जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

Amit
2 Min Read

गले व शरीर पर कई जगह मिले चोट के निशान

एटा। थाना निधौली कलां क्षेत्र में गांव रामनगर जिटौली में रविवार की सुबह महिला का चारपाई पर अर्धनग्न अवस्था में शव मिला। परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड टीम मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। गांव रामनगर जिटौली निवासी हवलदार सिंह ने बताया कि शनिवार को परिवार में एक शादी थी। लड़के की बरात में शामिल होने गए थे। पत्नी ममता (40) घर पर अकेली रह गई थी। रविवार की सुबह जब हम लोग बरात से घर लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने के बाद कोई जवाब नहीं मिला। आसपास के लोग भी घर के बाहर आ गए तो बेटा पीछे की दीवार से घर के अंदर गया।

वहां की स्थिति को देखकर उसकी चीख निकल गई। घर के आंगन में चारपाई पर अर्धनग्न अवस्था में ममता का शव पड़ा हुआ था। सूचना पर पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। हवलदार सिंह ने बताया कि पत्नी के शरीर से आधे कपड़े गायब थे और गले व शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। बताया कि बड़ा बेटा विशाल दिल्ली में रहकर हलवाई का काम करता है। अगले माह 25 मई को विशाल का विवाह होना है। मां की मौत के बाद अब उस घर में शादी की खुशियों की जगह मौत का मातम पसर गया है।

Share This Article
Leave a Comment