बिना वीजा-पासपोर्ट कलियर में रहे बांग्लादेशी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 2012 में आया था गुजरात

Rohit Kumar
1 Min Read

रुड़की। कलियर पुलिस ने बिना वीजा और पासपोर्ट कलियर में रह रहे एक बांग्लादेशी को गिरफ्तार किया है। बांग्लादेशी दो दिन पूर्वी कलियर में आया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही बांग्लादेशी से गहनता से पूछताछ कर रही है।

कलियर में चल रहे उर्स को लेकर पुलिस और खुफिया विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। पुलिस और खुफिया विभाग की ओर से संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। मंगलवार देर रात पुलिस और खुफिया विभाग ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पहले खुद को गुजरात का निवासी बताया।

इसके बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाई तो बताया कि उसका नाम और पता शेख अब्दुल रफीक पुत्र शेख अब्दुल अजीज उम्र लगभग 48 वर्ष निवासी ग्राम मोनी, पोस्ट/ जिला बागेरहाट डिविजन खुलना, बांग्लादेश है। साथ ही बताया कि वह बिना वीजा और पासपोर्ट के वर्ष 2012 में गुजरात आया था और वहीं जाकर मजदूरी करने लगा था। दो दिन पूर्व ही वह गुजरात से ट्रेन के जरिए कलियर आया था। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि बांग्लादेशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment