पुरानी रंजिश में दो घरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गांव में दहशत का माहौल

Amit
2 Min Read

फायरिंग के बाद बदमाश फरार, पुलिस ने शुरू की जांच, तहरीर का इंतजार

अलीगढ़। कोतवाली क्षेत्र के अचपलगढ़ी गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब अज्ञात बदमाशों ने दो घरों के बाहर फायरिंग कर दहशत फैला दी। हमलावर काली शीशे वाली कार से आए थे और जाते-जाते पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित विक्की तोमर ने बताया कि हमलावरों ने पहले गांव के दूसरे छोर पर स्थित उनके परिवार के एक अन्य घर के बाहर फायरिंग की और फिर उसके कुछ देर बाद उनके घर के बाहर भी गोलियां चलाईं। घटना के दौरान हमलावर हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए उसे धमका कर चले गए। मौके से दो खोखे बरामद हुए हैं, जिससे गांव में दहशत का माहौल है।

पीड़ित के अनुसार, पिछले महीने गांव में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, और आशंका जताई जा रही है कि यह हमला उसी पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकता है।

पुलिस ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल से बरामद खोखों को कब्जे में लेकर आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

सीओ अनीता चौहान के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment