गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र की एक युवती के पैरों के नीचे से तब जमीन निकल गई जब शादी के दूसरे दिन उसके पति ने कहा कि वह उसे पत्नी नहीं मानता। उसपर दबाव देकर शादी कराई गई है।
आरोप है कि कुछ सामान्य होने के बाद वह गर्भवती हुई तो सास ने उन्हें मिठाई में दवाई खिलाकर गर्भपात करा दिया। पीड़िता ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
क्या है पूरा मामला?
एक कॉलोनी निवासी युवती ने बताया कि 12 नवंबर 2024 को उनकी शादी दिल्ली निवासी एक युवक से शादी हुई थी। पति रेलवे में सीनियर पद पर कार्यरत थे। उनके पिता ने शादी में करीब 35 लाख रुपये खर्च किए थे। दहेज में एक कार दी थी।
जब वह ससुराल पहुंची तो 14 नवंबर को पति ने उनसे कहा कि वह उन्हें पत्नी नहीं मानता। उसकी शादी दबाव में कराई गई है। वह सदमे में रह गईं। उन्होंने किसी प्रकार खुद को संभाला। दूसरे दिन पति कमरे में आया तो बोला वह टेंशन में था। पुरानी बातें भूल कर नए सिरे से जिंदगी शुरू करते हैं। वह पग फेरों के लिए घर आ गई।
18 नवंबर को देवर उन्हें लेने आया। 20 नवंबर को सास ने गहने लाकर में रखने की बात कहते हुए अपने पास रख लिए। दिसंबर में वह गर्भवती हो गई। सास-ससुर उन्हें भगत के पास ले गए। भगत ने बेटा होने की दवाई दी, जिसे खाकर उनका गर्भपात हो गया।
आरोप है कि छोटा देवर उनसे अश्लील मजाक करता था। उनके कमरे में आने की कोशिश करता था। उन्होंने पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

