गाजियाबाद में 5 महीने से अटकी वृद्धावस्था पेंशन, 22,618 बुजुर्ग परेशान; विभाग भी नहीं बता पा रहा वजह

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। वृद्धावस्था पेंशन का लाभ ले रहे लोगों को पांच माह से प्रदेश सरकार ने पेंशन नहीं दी है। इससे उनको परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थी समाज कल्याण विभाग द्वारा दुहाई में संचालित वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्ग भी हैं, जो निजी खर्च के लिए पेंशन पर ही निर्भर रहते हैं।

पेंशन न मिलने के कारण उनकी परेशानी भी बढ़ गई है, समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से पेंशन की धनराशि जल्द ही जारी कराने की मांग की गई है।

बैंक खाते में कब आती है वृद्धा पेंशन?

जिले में 22, 618 बुजुर्गाें को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जाता है। बुजुर्गाें का कहना है कि उनको वर्तमान वित्तीय वर्ष में पेंशन नहीं मिली है। आखिरी बार पेंशन की धनराशि उनको फरवरी माह में मार्च 2025 तक की मिली है।

प्रत्येक वित्तीय वर्ष में पहली तिमाही अप्रैल, मई, जून की पेंशन की धनराशि जून माह के अंत या फिर जुलाई माह की शुरुआत में मिल जाती है लेकिन अब सितंबर माह को शुरू हुए नौ दिन हो गए हैं।

पूछ रहे- कब जारी होगी पेंशन?

इसके बावजूद विभाग की ओर से पेंशन की किस्त जारी नहीं की गई है। इस संबंध में जब समाज कल्याण विभाग कार्यालय में आकर अधिकारियों से शिकायत की जाती है तो वह इसे संबंध में सही जानकारी होने से इन्कार करते हैं।

वजह नहीं बता पाए अधिकारी

आश्वासन देते हैं कि जल्द ही पेंशन की किस्त बुजुर्गाें के बैंकखाते में आ जाएगी, लेकिन अब तक मायूसी ही हाथ लग रही है। जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी का कहना है कि पांच माह से वृद्धावस्था की पेंशन की किस्त जारी नहीं हुई है, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। उम्मीद है कि जल्द ही पेंशन की किस्त जारी होगी।

Share This Article
Leave a Comment