गाजियाबाद में साइबर ठगी का नया तरीका, आईजीएल प्रतिनिधि बनकर ठगे लाखों

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। गाजियाबाद में आईजीएल गैस कनेक्शन बंद होने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने एक कारोबारी से 5.52 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत देकर कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।

गगन एन्क्लेव निवासी राजीव कुमार अग्रवाल के मोबाइल पर 27 मई को आईजीएल के नाम से एक मैसेज आया। जिसमें गैस कनेक्शन डिस्कनेक्ट होने की बात लिखी थी। इसके बाद उन्होंने मैसेज में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।

दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति ने खुद को राहुल अग्रवाल बताते हुए आईजीएल का प्रतिनिधि बताया और एक लिंक भेजकर उसमें आवश्यक जानकारी भरने को कहा। पीड़ित ने बताए गए निर्देशों का पालन करते हुए लिंक पर जानकारी दर्ज कर दी। कुछ ही देर बाद उनके एचडीएफसी बैंक खाते से नेट बैंकिंग के माध्यम से तीन अलग-अलग लेनदेन में कुल 5.09 लाख रुपये निकाल लिए गए।

43 हजार रुपये निकासी की

इसके अलावा उनके नैनीताल बैंक खाते से भी दो लेनदेन के जरिए 43 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। इस तरह ठगों ने कुल 5.52 लाख रुपये उड़ा दिए। रकम निकलने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने तत्काल संबंधित बैंकों से संपर्क किया और बाद में साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment