गाजियाबाद सोसायटी में बड़ा हादसा टला, फाल्स सीलिंग गिरने से महिला गार्ड घायल

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार स्थित प्रतीक ग्रैंड सिटी सोसायटी के टावर-11 की लाबी में रविवार को फाल्स सीलिंग का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय वहां ड्यूटी पर तैनात महिला सुरक्षा गार्ड रचना इसकी चपेट में आ गईं।

गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन गार्ड के हाथ में गंभीर चोट आई। निवासियों का दावा है कि उनका हाथ टूट गया है। फाल्स सीलिंग के हिस्से के साथ जिप्सम, पीओपी और ईंट-पत्थर भी नीचे आ गिरे।

निवासियों ने बिल्डर पर लापरवाही का लगाया आरोप

सोसायटी निवासी उपेंद्र कुमार ने बताया कि सोसायटी के 24 टावरों में फाल्स सीलिंग की स्थिति जर्जर है। टावर-11 की लाबी में सीलिंग खराब होने की शिकायत कई बार बिल्डर और प्रबंधन से की गई, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। उनका कहना है कि अधिकांश टावरों में पानी टपकने की समस्या बनी रहती है और रिसाव वाले स्थानों पर बाल्टी या टब रखकर काम चलाया जाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2025 में आवास-विकास परिषद ने सोसायटी को आंशिक पूर्णता प्रमाणपत्र जारी कर दिया था। निवासी बिमल कुमार ने बताया कि सभी टावरों के लिफ्ट क्षेत्र के पास सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं और यहां हर समय लोगों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद जर्जर फाल्स सीलिंग की मरम्मत नहीं कराई गई।

हादसे के कई घंटे बाद तक टूटी हुई फाल्स सीलिंग मौके पर ही पड़ी रही। निवासियों का आरोप है कि पिछले वर्ष सोसायटी के स्ट्रक्चरल आडिट की मांग को लेकर आवास-विकास परिषद से शिकायत की गई थी।

उनका कहना है कि बिल्डर ने वर्ष 2020 के पुराने दस्तावेजों के आधार पर रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी, जबकि वर्तमान स्थिति का आकलन नहीं कराया गया। इस संबंध में सोसायटी के इस्टेट मैनेजर संदीप राणा से फोन पर संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।

Share This Article
Leave a Comment