नई दिल्ली- उत्तर-पश्चिम दिल्ली के कई इलाकों में मंगलवार तड़के उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब कुट्टू का आटा खाने के बाद सैकड़ों लोगों की तबीयत अचानक खराब हो गई। उल्टी और बेचैनी की शिकायत के चलते करीब 150 से 200 लोग बाबू जगजीवन राम अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचे।
पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह के मुताबिक, सुबह 6:10 बजे जहांगीरपुरी थाना पुलिस को सूचना मिली कि कई इलाकों में लोग कुट्टू का आटा खाने के बाद अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशेष यादव ने बताया कि प्रभावित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती रही और ये लोग ज्यादातर जहांगीरपुरी, महेंद्र पार्क, समयपुर, भलस्वा डेयरी, लालबाग और स्वरूप नगर इलाकों से आए थे। सभी को मामूली लक्षणों के साथ भर्ती किया गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी की हालत गंभीर नहीं थी और किसी को एडमिट करने की जरूरत नहीं पड़ी।
पुलिस ने एहतियातन इलाके के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को बीट पुलिस व सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से सतर्क किया। साथ ही खाद्य विभाग को भी सूचित कर दिया गया है ताकि आटे की गुणवत्ता की जांच की जा सके और इस तरह की घटना दोबारा न हो।

