नई दिल्ली – दिल्ली के विकास नगर इलाके के रनहोला थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया। सुबह चार बजे के बाद एक व्यक्ति अचानक सड़क पर गिर गया और गंभीर हालत में तड़पने लगा।
इसी बीच दो युवक स्कूटी पर आए। उन्होंने पीड़ित की मदद करने की बजाय उसका मोबाइल फोन चुरा लिया और वहां से चले गए। कुछ समय बाद, वही युवक फिर लौटे और पीड़ित की जेबें टटोलने लगे। जब उन्हें कुछ नहीं मिला और उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को देखा, तो वे भाग खड़े हुए।
घटना के दौरान पीड़ित को समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी। धीरे-धीरे उसकी हालत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस आरोपी युवकों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से घटना की जांच भी तेज कर दी गई है।

