उन्नाव में बड़ा सड़क हादसा, डबल डेकर बस पलटने से दो की मौत और 25 यात्री घायल

Rohit Kumar
2 Min Read

उन्‍नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस जयपुर से बिहार जा रही थी और उसमें लगभग 85 यात्री सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि हादसे में घायल 25 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से 22 को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बांगरमऊ के उपजिलाधिकारी अंकित शुक्‍ला के अनुसार, डबल डेकर बस मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर सिरधरपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। उन्होंने बताया कि बस में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत लगभग 80 से 85 यात्री सवार थे। इनमें से 55 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर जाने की सलाह दी है। शुक्ला के मुताबिक, मामूली रूप से चोटिल 55 यात्रियों को खाना खिलाने के बाद अलग-अलग वाहनों के जरिये उनके गंतव्य स्थान की ओर रवाना कर दिया गया है।

जिलाधिकारी रवींद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घायलों को समुचित चिकित्‍सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस के मुताबिक, हादसे में मारे गए तीनों यात्रियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और मृतकों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment