यूपी के बलरामपुर में मध्य प्रदेश निवासी मां-बेटा व बेटी ने खाया जहर, तीनों की मौत, पिता गंभीर

Rohit Kumar
2 Min Read

बलरामपुर में पति-पत्नी ने अपने बेटी-बेटा के साथ मिलकर जहर खा लिया। जहर खाने के बाद मां, बेटी और बेटे की मौत हो गई। वहीं पति की हालत नाजुक बनी हुई है। जिसका इलाज प्राइवेट अस्पताल में किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस इस मामले में आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। मामला आर्थिक तंगी से जोड़कर देखा जा रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि परिवार तंत्र-मंत्र क्रिया में भी शामिल रहता था। जिससे वो लोग परेशान रहते थे।

पानी पूरी बेचने का काम करता था

मामला कोतवाली उतरौला के ग्राम लालगंज का है। बुधवार की सुबह परिवार ने जहर खाया है। परिवार मध्य प्रदेश के भिंड का रहने वाला है। जहर खाने वाला युवक मनटोले अपने दो बच्चों और पत्नी के साथ उतरौला में रहता था। यहां वो पानी पूरी बेचने का काम करता था।

पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई

बुधवार सुबह पुलिस को आसपास पड़ोस के लोगों ने मनटोले के घर का दरवाजा न खुलने की जानकारी दी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घर का दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो सामने चारों बिस्तर पर पड़े हुए थे। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने पत्नी और दोनों बच्चों को मृत बता दिया। वहीं पति की हालत गंभीर बनी हुई है।

शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया

मरने वाले बच्चों का नाम लक्ष्मी (11) और कान्हा (8) है। पत्नी रेखा (38) है। मामले में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सक्सेना का कहना है, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment