प्रेमी प्रेमिका ने रेलवे स्टेशन पर गटका जहरीला पदार्थ, हालत नाजुक

Amit
3 Min Read

उत्तर प्रदेश। मिलक क्षेत्र के एक ग्राम पिपला निवासी पड़ोस में रहने वाले प्रेमी प्रेमिका ने घर से निकलकर लगभग 2 किलोमीटर दूर जाकर रेलवे स्टेशन के निकट जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। दोनों की हालत खराब होने पर मौके पर राहगीरों ने उनके परिजनों को सूचना दी। दोनों को घायल अवस्था में नगर के एक हायर सेंटर में भर्ती कर दिया गया। जहां आईसीयू में उनका उपचार चल रहा है।

गुरुवार की सुबह प्रतिदिन की भांति टहलने निकले लोगों ने रेलवे स्टेशन के समीप सुबह सात बजे एक युवक और एक युवती बेहोश अवस्था में पड़े देखा। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ लग गई। भीड़ में मौजूद एक शख्स ने दोनों को पहचान लिया। फोन कर उसने दोनों के परिजनों को खबर दी। परिजन रेलवे स्टेशन पहुंचे और दोनों को नगर स्थित एक निजी डॉक्टर के यहां लेकर गए।

डॉक्टर ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर ले जाने को कहा। जिसके बाद प्रेमी जोड़े को हाईवे स्थित एक ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। वहां आईसीयू में दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।

अस्पताल में मौजूद युवक के भाई ने बताया कि उसका 24 वर्षीय भाई और घर के सामने रहने वाली 23 वर्षीय युवती का चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसका भाई और युवती दोनों ही पढ़े-लिखे हैं और बालिग भी हैं। दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। एक गांव और एक ही मोहल्ले में रहने के कारण दोनों के परिवार वाले उनकी शादी के लिए राजी नहीं थे।

इस दौरान कुछ समय पूर्व युवती के परिजनों ने युवती का कहीं और रिश्ता भी तय कर दिया था। जिसके बाद दोनों ने अपनी जीवन लीला समाप्त करने का फैसला किया। गुरुवार की सुबह दोनों अपने-अपने घरों से निकले और नगर के रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां दोनों ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को घटना के विषय में दोनों के परिजनों के द्वारा कोई सूचना नहीं दी गई।

Share This Article
Leave a Comment