बंद कमरे में महिला का शव मिलने से हड़कंप, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र की पूजा कॉलोनी में किराए के मकान के बंद कमरे से 45 वर्षीय महिला का शव मिला है। लोगों ने मृतका के साथ लिव-इन में रहने वाले युवक पर हत्या का आरोप लगाया है।

वारदात के बाद से मृतका की बेटी लापता

वारदात के बाद से मृतका की सात वर्षीय बेटी लापता है। पुलिस और फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच में जुटी है। मूल रूप से मुजफ्फरपुर बिहार की रहने वाली प्रमिला पवन नाम के युवक के साथ लिव-इन में सात वर्षीय बेटी विद्या के साथ करीब 10 दिन पहले ही सरवन के मकान में किराए पर रहने आई थी।

25 जुलाई से कमरे पर ताला लगा था। सोमवार को कमरे से तेज बदबू आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा तो कमरे में प्रमिला का करीब दो दिन पुराना शव बरामद हुआ।

आरोपित के साथ लिव-इन में रहती थी महिला

एसीपी लोनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रमिला और पवन के लिव-इन में रहने की बात सामने आई है। दोनों छह माह से साथ रह रहे थे। दोनों के बीच आपसी मनमुटाव चल रहा था। लोगों ने पवन पर प्रमिला की हत्या करने और उसकी बेटी को साथ ले जाने का आरोप लगाया है। शव पोस्टमार्टम को भेज कर मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment