नोएडा इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स के अधूरे काम को मिलेगी रफ्तार, 58 करोड़ के नए टेंडर जारी

News Desk
2 Min Read

नोएडा। प्राधिकरण ने सेक्टर-151ए में निर्माणाधीन नोएडा अंतरराष्ट्रीय गोल्फ कोर्स के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए शुक्रवार को नए टेंडर जारी किए हैं।

इन टेंडरों की कुल लागत लगभग 58 करोड़ रुपये है, और आवेदन की अंतिम तिथि नौ सितंबर निर्धारित की गई है। इससे पहले जुलाई में भी इन कार्यों के लिए टेंडर जारी किए गए थे, लेकिन कोई एजेंसी चयनित नहीं हो सकी थी।

प्राधिकरण महाप्रबंधक एके अरोड़ा ने बताया कि पहले टेंडर में गोल्फ कोर्स परिसर में कैडी एरिया, वर्कशाप, इंटीरियर्स और भवन से संबंधित कार्यों के लिए 23 करोड़ 90 लाख 76 हजार रुपये का प्रविधान किया गया है।

2022 में पूरा होना था काम

कैडी एरिया वह स्थान है जहां गोल्फ खिलाड़ियों के सहायक कैडी अपने उपकरण रखते हैं और खेल शुरू होने से पहले आराम करते हैं। दूसरे टेंडर में गोल्फ कोर्स में शेष सिविल कार्यों को पूरा करने के लिए 34 करोड़ 66 लाख 5 हजार रुपये का अनुमानित खर्च है। इन टेंडरों के माध्यम से लंबे समय से रुके कार्यों को पूरा करने की योजना बनाई गई है।

बता दें कि इस परियोजना की समय सीमा सितंबर 2022 निर्धारित की गई थी, लेकिन लगातार देरी के कारण प्राधिकरण ने जुलाई 2025 में निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट कर दिया था और इसके खिलाफ एफआइआर भी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से गोल्फ कोर्स का निर्माण कार्य ठप पड़ा है।

Share This Article
Leave a Comment