नई दिल्ली- उत्तर दिल्ली के बुराड़ी स्थित एक सरकारी अस्पताल में बीटेक की 22 वर्षीय छात्रा ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर अनुचित व्यवहार का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने डॉक्टर इमरान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते 9 सितंबर को अपनी मां के साथ अस्पताल गई थी। प्रारंभिक जांच के बाद उसे संबंधित विभाग में रेफर किया गया, जहां एक महिला डॉक्टर ने पर्दे के पीछे उसका परीक्षण किया।
छात्रा का आरोप है कि परीक्षण के दौरान महिला डॉक्टर के बाहर निकलने के बाद, डॉ. इमरान बिना अनुमति अंदर आ गए और जांच के बहाने अनुचित तरीके से छूने का प्रयास किया। जब छात्रा ने विरोध किया तो डॉक्टर ने एक्सरे कराने की बात कहकर उसे बेसमेंट भेजा।
शिकायत के अनुसार, डॉक्टर वहां भी पहुंच गया और कथित रूप से व्यक्तिगत बातचीत करने की कोशिश करने लगा। छात्रा जब लिफ्ट की ओर बढ़ी तो डॉक्टर वहां भी पहुंच गया, जिससे घबराकर छात्रा अपनी मां के पास लौट गई और पूरी घटना उन्हें बताई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और जांच के बाद आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अस्पताल प्रशासन व अन्य चिकित्सकों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी।
