दिल्ली- दिल्ली के अमन विहार इलाके में स्कूल में हुए आपसी विवाद ने एक गंभीर रूप ले लिया, जब कुछ छात्राओं ने मिलकर बारहवीं कक्षा की एक छात्रा पर पेपर कटर (ब्लेड) से हमला कर दिया। हमले में पीड़िता के चेहरे और कमर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिन पर चिकित्सकों को 50 से अधिक टांके लगाने पड़े। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी और जांच
रोहिणी जिला के पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि घटना 9 सितंबर को सामने आई, जब अमन विहार थाने को सूचना मिली कि रोहिणी सेक्टर-20 निवासी एक किशोरी पर हमला हुआ है। छात्रा को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस हमले में शामिल चारों लड़कियों की उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच है। आरोप है कि इनमें से 16 वर्षीय एक छात्रा ने ब्लेड से पीड़िता के चेहरे और कमर पर वार किया, जबकि अन्य ने उसे थप्पड़ मारे और घेरा।
पुराना विवाद बना हमले की वजह
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी और पीड़िता एक ही स्कूल की छात्राएं हैं। बताया जा रहा है कि 4 सितंबर को स्कूल में दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आरोपित छात्रा ने अपनी बहन और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर बदला लेने की योजना बनाई और हमला किया।
परिवार का पक्ष और सीसीटीवी साक्ष्य
पीड़िता के चाचा ने बताया कि विवाद की शुरुआत स्कूल परिसर में हुई गाली-गलौज से हुई थी। पहले भी आरोपियों ने मारपीट की थी, जिसकी शिकायत दी गई थी। उन्होंने बताया कि हमला स्कूल के बाहर हुआ और उसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें स्पष्ट रूप से छात्राओं द्वारा घेर कर हमला करते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने सभी आरोपी छात्राओं की पहचान कर ली है और किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रशासन से भी जानकारी मांगी गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
