गाजीपुर ट्रिपल मर्डर: जमीन विवाद में बेटे ने ली मां, पिता और बहन की जान, गांव में फैली दहशत

Amit
2 Min Read

आरोपी बेटा वारदात के बाद फरार, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी की बरामद

गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के डिलिया गांव में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक युवक ने जमीन विवाद के चलते अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी अभय ने कुल्हाड़ी से वार कर अपने पिता शिवराम यादव (70), मां जमुनी देवी (65) और बहन कुसुम (35) की जान ले ली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद और सीओ सिटी शेखर सिंगर भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मौके से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

बताया जा रहा है कि परिवार के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब एक माह पूर्व शिवराम ने अपनी बेटी कुसुम के नाम 15 बिस्वा जमीन कर दी थी, जिससे अभय नाराज चल रहा था। रविवार सुबह इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार कुसुम की पहली शादी 15 साल पहले हुई थी, लेकिन पति से अलग होने के बाद वह मायके आ गई थी। बाद में उसकी दूसरी शादी भी हुई, लेकिन वह फिर से मायके में रहने लगी। भाई अभय को यह सब नागवार गुजर रहा था और वह जमीन का बंटवारा लेकर पहले से ही तनाव में था।

फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment