शराब के लिए पैसा नहीं दिया तो बेटे ने मां को कुल्हाड़ी से काट डाला

Rohit Kumar
2 Min Read

सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में बेटे को शराब पीने से मना करना एक मां को भारी पड़ गया। शराबी बेटे ने कुल्हाड़ी से सिर और गर्दन पर वारकर मां की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बड़े बेटे ने भाई के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।

बता दें कि घटना सदरपुर थाना क्षेत्र के खमरिया-नानकारी गांव की है। यहां का रहने वाला गणेश शंकर शुक्रवार देर रात प्रतिदिन की तरह शराब पीकर घर पहुंचा। इस पर उसकी मां ने विरोध किया तो गणेश वाद विवाद करने लगा। इसी दौरान नशे में धुत गणेश ने घर में रखी कुल्हाड़ी से मां के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ कई प्रहार कर लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गया।

मां की चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य आ गए और आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका के बड़े बेटे गौरीशंकर ने रात में ही मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि मृतका के बड़े बेटे गौरीशंकर ने थाने में आरोपी भाई के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौके से आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment