पत्नी से मिलने पहुंचा पति, प्रेमी और ससुराल वालों ने किया चाकू से हमला

Amit
2 Min Read

अजहर की हालत गंभीर, डीसीपी बोले– जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार

आगरा। नई बस्ती इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब अपनी पत्नी से मिलने पहुंचे एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने महिला, उसके प्रेमी और परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

घटना रोशन मोहल्ला निवासी अजहर के साथ घटी, जिसकी शादी चार साल पहले हुई थी। आठ महीने पहले उसकी पत्नी अचानक घर से चली गई थी, जिसकी गुमशुदगी रिपोर्ट अजहर ने दर्ज कराई थी। बुधवार को उसे पता चला कि उसकी पत्नी राशिद नामक युवक के साथ नई बस्ती में रह रही है।

पत्नी को घर वापस लाने की कोशिश में अजहर प्रेमी के घर पहुंचा, जहां बहस के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। आरोप है कि पत्नी, उसके परिवार के सदस्यों और प्रेमी ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हमले में अजहर की आंतें बाहर आ गईं।

घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, अजहर के भाई की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। डीसीपी सिटी ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment