महरौली में अवैध संबंधों के शक में पति ने पत्नी की हत्या कर शव दफनाया

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शबाब अली नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को पहले पुरानी दिल्ली घुमाया और उसे पसंदीदा खाने-पीने की चीजें खिलाईं। लेकिन महरौली लौटते वक्त उसने आईटीओ पर चाय में छह नींद की गोलियां मिलाकर पत्नी को पिला दीं। रास्ते में पत्नी बेसुध हुई तो उसने गिलास में जहरीला कीटनाशक घोलकर पिला दिया, जिससे महिला की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार वारदात 2 अगस्त की है। आरोपी ने देर रात करीब एक बजे पत्नी का शव दोस्तों की मदद से कार में डालकर चांदनहौला कब्रिस्तान पहुंचाया। वहां कब्रिस्तान का ताला तोड़कर फावड़े से गड्ढा खोदा और शव को दफना दिया। इसके बाद वह घर लौटकर सामान्य तरीके से रहने लगा।

महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसकी महिला मित्र ने 10 अगस्त को महरौली थाने में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में गलत तरीके से बंधक बनाए जाने के भी आरोप लगाए गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो खुलासा हुआ कि शबाब अली पत्नी को बेहोशी की हालत में कार से ले जा रहा था। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

डीसीपी के अनुसार, आरोपी ने कबूल किया कि उसे पत्नी के दुबई में रह रहे एक युवक से संबंधों का संदेह था। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद चलता रहा। पत्नी ने तलाक के लिए पांच लाख रुपये मांगे थे। रुपये न देने पर जब विवाद बढ़ा तो शबाब अली ने हत्या की साजिश रच डाली।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है। शव को दफनाने में शामिल उसके दो साथी शाहरुख और तनवीर में से एक की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment