सगाई समारोह में हर्ष फायरिंग, युवक के सिर में लगी गोली, मौके पर ही मौत

Rohit Kumar
3 Min Read

बुलंदशहर: हर्ष फायरिंग की घटनाओं पर पुलिस लगाम कसने में नाकाम साबित हो रही है. रविवार को एक सगाई समारोह में युवकों ने हर्ष फायरिंग कर दी. इस दौरान गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना पर पहुंची बीबीनगर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. समाचार लिखे जाने तक पीड़ितों ने तहरीर नहीं दी थी.

जानकारी के मुताबिक गुलावठी रोड स्थित एक पंडाल में रविवार को फौजी दीपक कुमार उर्फ हुड्डा पुत्र स्व. संजय सिंह का सगाई समारोह का आयोजन किया गया था. समारोह मे तिलक के बाद दीपक के दोस्तों ने एक लाइसेंसी दोनाली बंदूक से हर्ष फायरिंग करने का प्रयास किया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक साथ दो गोली लोड कर जैसे ही बंदूक ऊपर कर फायरिंग करनी चाही तभी गोली चल गई. एक गोली पड़ोसी शरद कुमार (20) के सिर में जा लगी. इससे शरद लड़खड़ा कर जमीन पर गिर गया जबकि दूसरी गोली दीपक के दोस्त राजकुमार के कंधे को चीरते हुए निकल गई. अचानक हुई इस घटना से भगदड़ मच गई.

आनन-फानन में शरद कुमार को केशोपुर सठला स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां चिकित्सकों ने शरद को मृत घोषित कर दिया. सूचना पर सीओ वंदना शर्मा, एसडीएम मधुमिता सिंह, थाना प्रभारी पठनीश कुमार और अगौता थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस बारे में सीओ स्याना वंदना त्रिपाठी का कहना है कि बीबीनगर में दो युवकों को हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगी हैं. एक की मौत हो गई है जबकि दूसरे की हालत खतरे से बाहर है. आरोपित युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है.

घायल ने किया फरार होने का प्रयास: दीपक फौजी के साथ ही ट्रेनिंग करने वाले दोस्त राजकुमार के कंधे में गोली लगी थी. राजकुमार घायलावस्था में दोस्तों की मदद से एक निजी अस्पताल में पहुंचा और खून से लथपथ कपड़े भी बदल लिए. राजकुमार निजी अस्पताल से फरार होने की फिराक में था. ऐसे में पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया. पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. थाना प्रभारी बीबीनगर ने बताया कि बंदूक लाइसेंसी है अथवा नहीं इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.

Share This Article
Leave a Comment