तमंचे के बल पर युवती के साथ किया दुष्कर्म, विरोध करने पर तेजाब डालने की दी धमकी, केस दर्ज

Amit
2 Min Read

मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में रहने वाली छात्रा ने एक युवक पर तमंचे के बल पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी। आरोपी ने सोशल मीडिया पर उसके फोटो भी वायरल कर दिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एलएलबी की छात्रा है और अकेले ही कॉलेज जाती है।

एक दिन बिलारी थाना क्षेत्र के नगलिया जट निवासी आदित्य उर्फ बाबू ने उसे रास्ते में घेर लिया और तमंचा दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने फोटो खींच लिए। आरोपी ने उसके फोटो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिए। दो अगस्त को छात्रा कॉलेज जा रही थी। इस दौरान आरोपी ने उसे रोक लिया और तमंचा दिखाते हुए कॉलेज जाने पर हत्या करने की धमकी दी। पीड़िता ने मूंढापांडे थाने में आरोपी की शिकायत की।इसकी जानकारी मिलने पर आरोपी ने पीड़िता पर समझौते के लिए दबाव बनाया। फैसला न करने पर पीड़िता के परिवार वालों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

थाने में सुनवाई न होने पर पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र दिया। एसएसपी सतपाल अंतिल के आदेश पर मूंढापांडे थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी देने और आईटी एक्ट में केस दर्ज किया गया है। सीओ हाईवे कुलदीप गुप्ता ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment