युवती ने एमडी पर ऑफिस में अश्लील हरकत और होटल में बुलाने का लगाया आरोप

Amit
3 Min Read

शाहजहांपुर। सड़क निर्माण से जुड़ी कंपनी राज कारपोरेशन लिमिटेड के एमडी पर अश्लील वीडियो भेजने, ऑफिस में अश्लील हरकत और होटल में बुलाने का दबाव बनाने का आरोप लगाने वाली युवती दहशत में आकर अपने घर लौट गई। पुलिस उनके स्थानीय आवास में पहुंची लेकिन मुलाकात नहीं होने से बयान और चिकित्सीय परीक्षण नहीं हो सका है। वहीं, पुलिस की टीम आरोपी के गृह जनपद मैनपुरी भी जाएगी।

शनिवार की शाम को कांट थाने की पुलिस ने मैनपुरी के रहने वाले एमडी मनोज यादव व उनके पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इसमें कंपनी के प्रबंध निदेशक पर कॉल कर होटल में बुलाने, फोन पर अश्लील वीडियो भेजने और रात में गंदी बातें करने का आरोप लगाया था। युवती ने पुलिस को बताया था कि हिसाब देखने के बहाने उसे कमरे में बुलाकर अश्लील हरकत की गई। उसे रुपयों का ऑफर भी दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के बेटे को जानकारी देने पर उसने इस्तीफा लिखवा लिया। मामले की विवेचना कांट थाना प्रभारी अश्वनी सिंह को सौंपी गई है।

सोमवार को थाना पुलिस ने पीड़िता के स्थानीय आवास पर जाकर जानकारी की। पुलिस की युवती से मुलाकात नहीं हो सकी। उसके माता-पिता से मिलकर पुलिस लौट आई। युवती से कॉल पर संपर्क करने पर उसने पैर में चोट होने की जानकारी दी है। बताते हैं कि दहशत में आकर युवती अपने गृह जनपद लौट गई है। उसके यहां नहीं होने के चलते न्यायालय में बयान नहीं हो सके। पुलिस उसका चिकित्सीय परीक्षण भी नहीं करा सकी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवती से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा।

एमडी के खिलाफ प्रार्थना पत्र आने पर एसपी राजेश एस. ने भी संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता-पुत्र यहां से चले हैं। ऐसे में पुलिस की टीम मैनपुरी जाकर साक्ष्य संकलन करेगी। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कांट पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। युवती के नहीं मिलने से पुलिस का सिरदर्द बढ़ गया।

शुरुआत में पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर लिए, लेकिन साक्ष्य नहीं ले पाई है। पीड़िता के मोबाइल में सारे साक्ष्य कैद हैं, जो उसके पास है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मोबाइल या पैन ड्राइव में सारा डाटा लेकर विवेचना में शामिल किया जाएगा। गंभीर आरोपों के लगने के बाद प्रतिष्ठित कंपनी के साख पर बट्टा लग गया। महिला से जुड़ा विवाद होने के चलते एमडी मनोज यादव की मुश्किल बढ़ सकती है। युवती के न्यायालय में बयान देने के बाद पुलिस एमडी पर शिकंजा कसना शुरू कर देगी।

Share This Article
Leave a Comment