चार हमलावरों ने युवक को पीट- पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस  

Amit
2 Min Read

हरियाणा। गोहाना के गांव कासंडी के पास उधार दिए पांच हजार रुपये वापस मांगने पर निजी शिक्षक की डंडे से बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि चार हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया है।

गांव कासंडी निवासी रामभज ने बताया कि उनके बेटे घर से बाहर गए थे। गांव के दुकानदार ने सूचना दी कि संदीप को घायल अवस्था में खानपुर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह अस्पताल में पहुंचे तो बेटे की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने गांव के पवन को ऑनलाइन माध्यम से 35 हजार रुपये उधार दिए थे। जिस पर उसने 30 हजार रुपये एक दिन बाद लौटा दिए थे। वह पांच हजार रुपये वापस नहीं दे रहा था। उनके बेटे ने रुपये मांगे तो उनकी पिटाई कर दी गई। इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला गया है। जिसमें बेटे को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा जा रहा है।

हमले का शिकार हुए संदीप गांव के ही निजी स्कूल में गणित के शिक्षक थे। हमलावरों ने संदीप के हाथ-पैरों के साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों पर भी हमला कर रखा था। गांव कासंड़ी में युवक की हत्या की गई है। आरोप है कि हमलावर से पांच हजार रुपये का लेनदेन था। उसने अपने अन्य साथियों संग मिलकर हमला कर दिया। जिससे बेटे की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच के साथ हमलावरों की तलाश कर रही है। -ऋषिकांत, एसीपी गोहाना।

Share This Article
Leave a Comment