मोदीनगर (गाजियाबाद)। हापुड़ रोड के पास रेलवे लाइन से सटी हनुमानपुरी कॉलोनी के रास्ते पर गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार कार अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी। कार में सवार सभी पांच युवक किसी तरह समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में सवार युवक रात के समय कॉलोनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे दोपहिया वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे नाले में पलट गया। हादसे के बाद कार के शीशे तोड़कर सभी युवक बाहर निकलने में सफल रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग पहले से ही दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील बना हुआ है। महज एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार किसी वाहन का नाले में गिरना प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करता है। इससे पहले भी इसी स्थान पर एक ई-रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को बाहर निकलवाया गया। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जा रही है।
