वित्त मंत्री आज पेश करेंगे करीब 79 हजार करोड़ का बजट, 16 मार्च तक ही चलेगा सत्र

Rohit Kumar
2 Min Read

उत्तराखंड विधानसभा में आज सत्र के तीसरे दिन राज्य का बजट पेश किया जाएगा. वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल दोपहर दो बजे बजट पेश करेंगे. वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 79 हजार करोड़ रुपये के बजट का अनुमान है. प्रदेश मंत्रिमंडल बजट प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी दे चुका है. कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में अगले दिन का एजेंडा तय किया गया. 16 मार्च को बजट पर चर्चा के बाद विनियोग विधेयक पारित होगा और इसके साथ सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाएगी. बता दें कि पिछली बार सरकार ने 65 हजार करोड़ का बजट पेश किया गया था.

इस बार के बजट को महिलाओं और युवाओं पर केंद्रित किया गया है. वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि बजट समावेशी होगा और इसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों और व्यापारी, श्रमिक और नौकरी-पेशा लोगों के लिए खास प्रावधान होंगे. संवाद के जरिये जो सुझाव जनता से प्राप्त हुए हैं, उनमें से जो महत्वपूर्ण हैं, उन्हें बजट की घोषणाओं में शामिल करने का प्रयास किया गया है.

बजट में दिखेगी विकास की झलक

वित्त मंत्री के मुताबिक 2025 में उत्तराखंड को देश का अग्रणीय राज्य बनाने की दिशा में सरकार का बजट अहम भूमिका निभाएगा. सरकार ने राज्य के विकास के लिए जो भी प्राथमिकताएं तय की हैं, उनकी झलक बजट में दिखाई देगी. इस लिहाज से ग्रीष्मकालीन राजधानी में पेश होने जा रहे इस बजट के खास मायने हैं.

इस बार के बजट में देहरादून में होने वाली ट्रैफिक की समस्या के निदान पर विशेष ध्यान दिया गया है. टैफिक के दबाव को कम करने के लिए 6 हजार करोड़ के करीब की योजनाओं पर काम किया जाएगा. ताकि जल्द ही शहर को ट्रैफिक की समस्या से छुटकारा मिल सके. वहीं राज्य सरकार राज्य में नई युवा नीति लाने के साथ ही युवा आयोग का गठन करने भी जा रही है.

Share This Article
Leave a Comment