नई दिल्ली। नरेला औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले एक फैक्टरी कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गांव पंचकोहरा निवासी राहुल के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि शव पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं, वहीं परिजनों ने राहुल की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पार्टी के बाद हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, राहुल नरेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित जूते की फैक्टरी में काम करता था और अपने दोस्तों के साथ वहीं किराए पर रहता था। वेतन मिलने के बाद राहुल और उसके साथी फैक्टरी के पास पार्क में पार्टी कर रहे थे।
राहुल के दोस्त नीतिश ने बताया कि पार्टी के बाद सभी अपने कमरे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में राहुल का पैर एक युवक से टकरा गया। इसके बाद युवक से कहासुनी और हाथापाई हुई, जिसे दोस्तों ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया।
चौराहे पर दोबारा भिड़ंत
कुछ देर बाद जब सभी औद्योगिक क्षेत्र के एक चौराहे पर पहुंचे तो वही युवक अपने 3–4 साथियों के साथ वहां मौजूद था। राहुल और उसके दोस्तों को देखते ही वे उनकी तरफ दौड़े। इस पर सभी युवक अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। नीतिश और उसके अन्य साथी अपने-अपने कमरे पर पहुंच गए, लेकिन राहुल नहीं पहुंचा।
सुबह मिला शव
सुबह राहुल का शव सड़क किनारे बरामद हुआ। उसके मामा ने आरोप लगाया कि चौराहे पर विवाद करने वाले युवकों ने ही राहुल की हत्या की है।
पुलिस की जांच
पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर कोई स्पष्ट चोट का निशान नहीं मिला है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
