जूस का पैसा मांगना पड़ा महंगा, दुकानदार को मारी गोली

Amit
2 Min Read

दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर खुलेआम गुंडागर्दी

दिल्ली-सहारनपुर मार्ग स्थित जगमाल की समाधि के पास शुक्रवार सुबह एक मामूली विवाद के बाद गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। जूस के पैसे मांगने पर एक दुकानदार को गोली मार दी गई। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

आर्य नगर कॉलोनी निवासी हसन मेहंदी ने पुलिस को बताया कि उसका भाई शोएब (22) घटनास्थल पर अपनी कैप और बेल्ट की दुकान चला रहा था। पास में पवन नामक व्यक्ति का जूस का ठेला था, जहां तनवीर अहमद नामक युवक जूस पीने आया। पैसे मांगने पर तनवीर ने विवाद शुरू कर दिया।

झगड़े के बीच शोएब ने मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन तनवीर ने पिस्टल निकालकर उसे गोली मार दी। गोली शोएब के घुटने में लगी। वारदात के बाद तनवीर ने खुद को “मयूरूद्दीन की औलाद” बताते हुए लोगों को धमकाया और हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया।

पुलिस को सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment