प्रेमिका के लिए पति बना दुश्मन, प्रेमी ने किया जानलेवा हमला

Amit
2 Min Read

फिरोजाबाद के टूंडला में प्रेम संबंधों के चलते महिला के पति पर धारदार हथियार से हमला, दो आरोपी पकड़े गए, एक फरार

आगरा- फिरोजाबाद जिले के टूंडला थाना क्षेत्र के गांव चुल्हावली में प्रेम संबंधों के चलते एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। हमले में घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने दो हमलावरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार हो गया।

पीड़ित 34 वर्षीय विजय, जो चूड़ी के कारोबार से जुड़ा है, मंगलवार सुबह चूड़ी का माल लेकर फिरोजाबाद जा रहा था। इसी दौरान थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव बनकट के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन लोगों ने उस पर हमला कर दिया। शोर सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी भागने लगे। ग्रामीणों ने सूरज जाटव और उसके साथी ओगेंद्र उर्फ ओके को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, विजय की शादी 15 साल पहले पूनम से हुई थी। कुछ समय पहले दिवाली पर पूनम अपने मायके गई थी, जहां से वह अपने तीन बच्चों को छोड़ गांव चुल्हावली निवासी सूरज के साथ चली गई थी। हाल ही में पूनम वापस अपने पति और बच्चों के पास लौट आई थी। इसी बात से नाराज सूरज ने विजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

थानाध्यक्ष रमित कुमार ने बताया कि घायल विजय को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति में उसे आगरा रेफर कर दिया गया है। एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा हुआ है और हत्या के प्रयास के तहत दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Share This Article
Leave a Comment