गाजियाबाद में दोहरा हत्याकांड: पारिवारिक विवाद में पत्नी और बड़ी बेटी का कत्ल, छोटी बेटी ने भागकर बचाई जान

News Desk
4 Min Read

नई दिल्ली/गाजियाबाद: गाजियाबाद में बीते शुक्रवार को देर रात पत्नी से विवाद के बाद हैवान बने राजा ने अपने परिवार को अपने हाथों से ही खत्म कर दिया. राजा अंसारी ने पत्नी तबस्सुम की हत्या की फिर बड़ी बेटी सना पर भी चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया. छोटी बेटी किसी तरह से जान बचाकर भागने में कामयाब रही.घटना के बाद पुलिस द्वारा राजा अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन इतने दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम देने वाले राजा अंसारी को अपनी इस हैवानियत पर कोई अफसोस नहीं है.

मछली की दुकान पर मुंशी का काम करता था आरोपी: पुलिस के मुताबिक, खोड़ा थाना क्षेत्र के लोकप्रिय विहार इलाके में राजा अंसारी साल 2002 से रह रहा था. वह दिल्ली के गाजीपुर मंडी स्थित मछली की दुकान पर मुंशी का काम करता था. राजा पत्नी बेबी तबस्सुम (43 वर्ष) बड़ी बेटी सना तबस्सुम (15 वर्ष) और छोटी बेटी रूबी तबस्सुम (14 वर्ष) के साथ खोड़ा कॉलोनी स्थित लोकप्रिया विहार में स्थित फ्लैट में तीन साल से रह रहा था. राजा अंसारी की छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर पत्नी से विवाद होता रहता था. लंबे समय से यह सिलसिला चल रहा था.

बयान में बताया पत्नी की क्लेश से आ गया था तंग: पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी राजा अंसारी ने पुलिस को बताया कि पत्नी अक्सर परेशान किया करती थी और हर छोटी बातों पर क्लेश करती थी. इसी से तंग आकर राजा अंसारी ने पत्नी और दोनों बेटियों की हत्या कर स्वयं जेल जाने की योजना बनाई थी. 22 अगस्त 2026 को रात में तकरीबन 12:30 बजे जब उसकी पत्नी को हल्की नींद आई तो राजा अंसारी ने पहले से गद्दे के नीचे छुपा कर रखी छुरी निकाल कर पत्नी की गर्दन पर वार किया.

पत्नी और दो बेटियों पर चाकू से वार,छोटी बेटी की बची जान:पत्नी तबस्सुम की चीख पुकार सुनकर दूसरे कमरे में सो रही बेटियां भाग कर कमरे में आई. पत्नी की गर्दन पर चाकू से वार करने के बाद राजा अंसारी बालकनी में पहुंचा जहां दोनों बेटियां छुपी हुई बैठी थी. राजा ने बड़ी बेटी की गर्दन पर चाकू से वार किया. इसके बाद छोटी बेटी को भी करने का प्रयास किया लेकिन किसी तरह से वह जान बचाकर नीचे भाग गई. राजा अंसारी हाथ में चाकू लेकर छोटी बेटी को ढूंढने के लिए नीचे उतरा लेकिन गनीमत रहा वह उसके हाथ नहीं लगी.

“थाना खोड़ा पुलिस टीम द्वारा पत्नी और पुत्री की हत्या की घटना में वांछित राजा अंसारी को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल छुरी बरामद की गई है. बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की वृद्धि की गई है. गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.”

…एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य

Share This Article
Leave a Comment