मण्डलायुक्त मेरठ ने जेवर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जनता की समस्याओं का किया अनुश्रवण

Rohit Kumar
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा संवाददाता, उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जन सामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित गति के साथ निस्तारण संभव कराने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की तीनों तहसीलों में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संपन्न हुआ। जनपद की तीनों तहसीलों में कुल 105 शिकायतें दर्ज हुई जिसके सापेक्ष आठ शिकायतों का निराकरण विभागीय अधिकारियों के द्वारा मौके पर ही सुनिश्चित किया गया। मण्डलायुक्त मेरठ मण्डल मेरठ सेल्वा कुमारी जे के द्वारा जेवर में पहुंचकर तहसील संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की गई। आयोजित तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में जन सामान्य के द्वारा कुल 43 शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित दर्ज कराई गई। इस अवसर पर मण्डलायुक्त ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार एवं शासन गंभीर है। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में जिन विभागों से संबंधित जनता की शिकायतें दर्ज हो रही हैं। सभी संबंधित अधिकारीगण गंभीरता के साथ तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें और मौके पर जाकर संबंधी शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित कराएं ताकि संबंधित पोर्टल पर शिकायतों को ऑनलाइन किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता को भी संबंधित विभागीय अधिकारियों के द्वारा निस्तारण के दौरान उपस्थित रखा जाए ताकि सभी शिकायतों का निराकरण गुणवत्ता परक रूप से सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में दर्ज शिकायतों की मानिटरिंग उत्तर प्रदेश शासन स्तर से सुनिश्चित की जा रही है। अतः सभी अधिकारियों के द्वारा दर्ज शिकायतों का निराकरण पूर्ण गंभीरता के साथ कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, एडीएम भूमि अध्यापति बलराम सिंह, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारीगण, उपजिलाधिकारी जेवर अभय कुमार सिंह एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण तहसील संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर उपस्थित रहे। इसी प्रकार दादरी तहसील में जिलाधिकारी सुहास एलवाई की अध्यक्षता में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संपन्न हुआ जहां पर कुल 59 शिकायतें जनता के द्वारा दर्ज कराई गई जिसके सापेक्ष विभागीय अधिकारियों के माध्यम से आठ शिकायतों का निराकरण मौके पर ही सुनिश्चित किया गया। सदर तहसील में उप जिलाधिकारी सदर अंकित कुमार की अध्यक्षता में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। यहां पर जनता के द्वारा कुल तीन शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित दर्ज कराई गई।

Share This Article
Leave a Comment