जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर ने जग शांति उदयन घर बालिका गामा फर्स्ट का किया औचक निरीक्षण

Rohit Kumar
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा संवाददाता, जनपद गौतमबुद्धनगर में अनाथ, असहाय एवं बाल श्रम व भिक्षावृत्ति करने वाले बालक-बालिकाओं को समाज व शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने व उनके हितार्थ चलाई जा रही लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा बहुत ही संवेदनशील हैं। इसी क्रम में सोमवार को डीएम ने महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत पंजीकृत स्वैच्छिक संगठन जग शांति उदयन घर बालिका गामा फर्स्ट ग्रेटर नोएडा का औचक निरीक्षण करते हुए वहां पर आवासित बालिकाओं और महिला कर्मचारियों से वार्ता करते हुए वहां की मूलभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में गहन जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जग शांति उदयन घर बालिका मानकों के अनुरूप संचालित होता पाया गया। डीएम ने इस अवसर पर जग शांति उदयन घर बालिका में संचालित विभिन्न वोकेशनल ट्रेनिंग प्रोग्राम के संबंध में बहुत ही गहनता के साथ जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे बालक-बालिकाओं के कल्याणार्थ प्रदेश सरकार के द्वारा विभिन्न जन कल्याणकारी कार्यक्रम एवं लाभार्थीपरक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उनका लाभ संबंधित अधिकारीगण ऐसे सभी स्वैच्छिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए वहां पर आवासित बालक-बालिकाओं को संचालित कार्यक्रमों एवं योजनाओं से लाभान्वित कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉक्टर केसी विरमानी तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment