गाजियाबाद में रेलवे स्टेशन के पास मिला युवक का शव, नशे की हालत में मौत का शक

Amit
2 Min Read

गाजियाबाद-  नगर कोतवाली इलाके के एमएमजी अस्पताल के सामने, जीटी रोड के फ्लाईओवर के नीचे एक 32 वर्षीय युवक का शव पाया गया। मृतक की पहचान तारिक अहमद लोन के रूप में हुई है, जो कश्मीर के बारामूला जिले के ग्राम वागुब का रहने वाला था। पुलिस ने शव का मेडिकल परीक्षण कराया और बाद में उसे परिजनों को सौंप दिया।

एसीपी रितेश त्रिपाठी ने बताया कि युवक की सूचना पुलिस को कॉलर अब्दुल खालिद ने दी थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव की पहचान की कोशिश की, जिसके बाद मृतक के बड़े भाई हिलाल अहमद लोन भी पहुंचे। हिलाल ने बताया कि उनका छोटा भाई करीब छह महीने पहले बीमारी के चलते घर से निकल गया था। एक सप्ताह पहले उन्हें पता चला कि तारिक गाजियाबाद में है और नशे की हालत में है। हिलाल तीन दिन पहले गाजियाबाद आए और अपने भाई को नशे में देखा। उन्होंने उसे इलाज और घर वापस लौटने की सलाह दी थी, जिस पर तारिक ने दो दिन बाद घर लौटने का वादा किया था। पुलिस के अनुसार, नशे की लत और बीमारी के कारण युवक की मौत हुई है।

स्थानीय लोगों ने इस इलाके में बढ़ते नशे और अराजकता की बात कही है। रेलवे स्टेशन के पास अक्सर भांग, गांजा और सुल्फा जैसे नशे की चीजों का सेवन और कारोबार होता रहता है। यह नशा न केवल कश्मीर बल्कि अन्य राज्यों के युवाओं को भी प्रभावित कर रहा है, जिससे यहां की सुरक्षा चिंताजनक हो गई है।

डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि मृतक की शिनाख्त हो चुकी है और शव उसके परिवार को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अभियान चलाकर नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और संदिग्धों का सत्यापन किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment