फरीदाबाद – फरीदाबाद के एसजीएम नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एनआईटी-5 स्थित केसी सिनेमा रोड के पास जंगल क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय इंद्रजीत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हाथरस का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से अपने परिवार के साथ फरीदाबाद में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार इंद्रजीत रविवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह जंगल क्षेत्र में शव मिलने की सूचना पर परिवार मौके पर पहुंचा।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मौके से ऐसे संकेत मिले हैं कि युवक मानसिक तनाव में था। फोरेंसिक जांच के दौरान उसके हाथों पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
