पलवल में साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, नौकरी और स्कीम के नाम पर करते थे ठगी

Amit
3 Min Read

फरीदाबाद। फिरोजाबाद के दो युवकों को पलवल पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार किया है।आरोपी फर्जी बैंक खाते खुलवाकर ऑनलाइन ठगी करते थे। पुलिस ने इनके पास से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, नकदी, मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है।

पलवल के साइबर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जीवाड़ा करने वाले दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक खाते खुलवाकर, उनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी के लिए कर रहे थे। गिरफ्तार युवकों की पहचान अमित कुमार और वेदप्रकाश, दोनों निवासी फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों युवक पलवल क्षेत्र में सक्रिय हैं और मासूम लोगों को झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते हैं। इस पर साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार के निर्देशन में एएसआई देवी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बघोला रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास दबिश दी और दोनों को धर दबोचा।

तलाशी के दौरान अमित कुमार के पास से 5 मोबाइल फोन, 30 एटीएम कार्ड, और 60 हजार रुपये नकद बरामद हुए, जबकि वेदप्रकाश से 1 मोबाइल, 1 एटीएम कार्ड, और 7 हजार रुपये मिले। इसके अलावा ठगी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लोगों को नौकरी, बीमा या सरकारी योजनाओं के नाम पर फंसाकर उनके आधार कार्ड, फोटो व दस्तावेज ले लेते थे और फिर उनके नाम पर फर्जी खाते खुलवाते थे। ठगी की रकम इन्हीं खातों में ट्रांसफर कर, एटीएम से निकाल लेते थे।

बरामद मोबाइल व खातों की जांच के दौरान पता चला कि इनसे जुड़े कई मामलों में पहले से शिकायतें दर्ज हैं। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसपी वरुण सिंगला ने कहा कि यह एक संगठित गिरोह हो सकता है और अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। साथ ही उन्होंने आम जनता से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है।

Share This Article
Leave a Comment