जंतर-मंतर पर उमड़ा जनसैलाब, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होंगे सोनम वांगचुक

Amit
2 Min Read

राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर आज ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के विरोध प्रदर्शन के कारण राजनीतिक सरगर्मी का केंद्र बना हुआ है। NEET और अन्य परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक मामले को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा सुबह से ही शुरू हो गया था।

अभिजीत दीपके का संबोधन और सुरक्षा व्यवस्था

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके जंतर-मंतर पहुंच चुके हैं और जल्द ही मंच से समर्थकों को संबोधित करेंगे। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भीड़ को उग्र करने की कोशिशें भी देखी गईं, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और प्रशासन लगातार मुनादी (Announcements) कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे एनडीएमसी (NDMC) इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

सोनम वांगचुक का समर्थन

प्रदर्शन को उस वक्त और मजबूती मिली जब मशहूर पर्यावरणविद् और समाज सुधारक सोनम वांगचुक ने भी CJP को अपना समर्थन दिया। उनके दोपहर करीब 1:30 बजे प्रदर्शन स्थल पर पहुँचने की संभावना है, जिससे युवाओं के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है।

नेताओं की धरपकड़ और झड़पें

प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे समाजवादी छात्र सभा के अध्यक्ष मोहित नागर को ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर लिया। वहीं, जंतर-मंतर पर CJP समर्थकों और अन्य विपक्षी कार्यकर्ताओं के बीच मामूली झड़प की खबरें भी सामने आई हैं। प्रदर्शनकारी हाथों में गुलाब लेकर अहिंसक विरोध का संदेश दे रहे हैं, लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग से पूरा इलाका घिरा हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment