ग्वाल पहाड़ी नाके पर ट्रॉले की टक्कर से सिपाही की मौत, चालक गिरफ्तार

Amit
3 Min Read

 गुरुग्राम- गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर बुधवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे में नाकाबंदी कर रहे एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। घटना ग्वाली पहाड़ी के पास उस समय हुई, जब तेज रफ्तार ट्रॉले ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए सिपाही अजय को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉले ने इसके बाद एक पिकअप वाहन और फिर सड़क किनारे खड़ी सरकारी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के दौरान बाकी पुलिसकर्मियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। डीज़ल टैंक फटने के कारण चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान रेवाड़ी जिले के कुमरोधा गांव निवासी अजय के रूप में हुई। 2019 बैच के इस जवान की शादी इसी वर्ष मार्च में हुई थी। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया और गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस चौकी ग्वाल पहाड़ी में तैनात ईएचसी रोहित की शिकायत के आधार पर ट्रॉले चालक के खिलाफ डीलएफ फेज-1 थाने में मामला दर्ज किया गया।

शिकायत के मुताबिक, रात करीब ढाई बजे पुलिस टीम रिफ्लेक्टर जैकेट पहनकर नाका ड्यूटी कर रही थी। तभी एक पिकअप की जांच के दौरान अजय वाहन के पीछे खड़ा था। इसी बीच गुरुग्राम की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रॉले को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने न केवल वाहन नहीं रोका बल्कि सीधे बैरिकेड्स पर चढ़ा दिया और फिर अजय को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। पिकअप वाहन पलट गया और सरकारी गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई।

गुरुवार देर शाम पुलिस ने इस हादसे को अंजाम देने वाले आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान राजस्थान के सीकर जिले के निमोध गांव निवासी शक्ति के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज है।

गुरुग्राम पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने कहा कि विभाग ने एक बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ जवान को खो दिया है। अजय ने लगभग छह वर्ष नौ महीने सेवा दी थी।

सुभाष चौक के पास अलग घटना : कार की टक्कर से युवक की मौत

उधर, सदर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक और हादसा हुआ। सुभाष चौक अंडरपास के निकट एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर निवासी गौरव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय गौरव अपने साथी राकेश के साथ गुरुग्राम के सोहना में सामान पहुंचाने जा रहा था।

चश्मदीद राकेश के बयान पर कार चालक आदित्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

Share This Article
Leave a Comment