पत्नी पर चाकू से किए कई वार, पति के खिलाफ केस दर्ज

Amit
2 Min Read

नोएडा। सेक्टर-18 के एक रेस्टोरेंट में रविवार रात खाना खाने गये पति-पत्नी के बीच किसी बात पर झगड़ा हो गया। पति अपना आपा खो बैठा। बाहर निकल चाय की दुकान से अदरक काटने वाली चाकू ले आया। फिर पत्नी पर चाकू से कई वार किए। रेस्टोरेंट के अंदर हुई इस घटना से अफरातफरी मच गई। महिला के पेट पर चाकू से किए गए वार से घाव हुए हैं। इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह केस तबस्सुम मूल निवासी बागपत की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पुलिस को दी गई शिकायत में तबस्सुम ने बताया है कि कुछ दिनों से उनकी पति उस्मान से अनबन चल रही है। इसको लेकर तबस्सुम ने कई बार पुलिस सहायता के किए यूपी-112 पर कॉल भी किया लेकिन बात आपसी समझौते पर खत्म हो जा रही थी। रविवार को तबस्सुम अपनी पढ़ाई के दस्तावेज पति से लेने सेक्टर-18 मार्केट आई थी। यहां एक रेस्टोरेंट में दोनों खाने के लिए बैठे। बातों में तबस्सुम ने यह फैसला लिया कि अब वह उस्मान के साथ नहीं रहेगी।

आरोप है कि इसके बाद उस्मान पास की चाय की दुकान से चाकू ले आया और तबस्सुम पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। पहले गले पर मारा जिसे तबस्सुम ने अपने हाथ से रोका तो चाकू उसके बाएं हाथ की अंगुलियों पर लग गया। इसके बाद उस्मान ने पेट पर कमर के पास चाकू से कई वार किए। पुलिस का कहना है शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच शुरू कर दी गई है।
Share This Article
Leave a Comment