स्लीपर बस में नाबालिग के साथ अनुचित व्यवहार, जीरो एफआईआर के बाद केस जालंधर ट्रांसफर

Amit
2 Min Read

पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी की पहचान की कोशिश, सीट बुकिंग और CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पंजाब- राजस्थान से जालंधर लौट रही एक नाबालिग लड़की के साथ एक स्लीपर बस में गंभीर अपराध की घटना सामने आई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने जालंधर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।

जानकारी के अनुसार, नाबालिग जून माह में अपने रिश्तेदारों से मिलने राजस्थान गई थी और सात जुलाई को वापस लौट रही थी। बस में उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी एक युवक भी उसके साथ यात्रा कर रहा था। सफर के दौरान, जब बस थोड़ी देर के लिए रुकी और अधिकतर यात्री नीचे उतर गए, तब उस युवक ने कथित तौर पर उसे धमका कर अनुचित हरकत की।

घटना राजस्थान में घटित होने के बावजूद पीड़िता का संबंध जालंधर से होने के कारण राजस्थान पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला जालंधर पुलिस को स्थानांतरित कर दिया है। पुलिस ने लड़की का मेडिकल परीक्षण करवाया है और साथ ही बस ऑपरेटर से पूछताछ कर रही है कि सीट किस नाम से बुक की गई थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का नाम पीड़िता द्वारा बताया गया है, लेकिन उसकी पहचान की पुष्टि नहीं हो पाई है। बस जहां रुकी थी, उस स्थान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि मामले में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article
Leave a Comment