ब्लैकमेलिंग गैंग का पर्दाफाश: महिला समेत तीन गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

खटीमा में व्यक्ति का अश्लील वीडियो बनाकर वसूले थे डेढ़ लाख, गिरोह के तीन और सदस्य फरार

उदम सिंह नगर। खटीमा में पुलिस ने एक ब्लैकमेलिंग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह पर लोगों के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें डराने-धमकाने और मोटी रकम वसूलने का आरोप है। गिरफ़्तार किए गए लोगों में एक महिला भी शामिल है।

31 मई को खटीमा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत की थी कि उसे एक महिला द्वारा झांसे में लेकर किसी अज्ञात स्थान पर बुलाया गया, जहां उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर डेढ़ लाख रुपये की जबरन वसूली की गई। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के साथ मोबाइल डेटा की मदद से आरोपियों की पहचान की।

पुलिस ने भड़ा भूड़िया के राजेंद्र सिंह उर्फ राजू लंगड़ा, उसकी पत्नी सीमा कौर और नानकमत्ता निवासी गुरदयाल सिंह उर्फ बग्घी को नानकमत्ता क्षेत्र से दबोच लिया। आरोपियों के पास से स्कूटी, बाइक, दो मोबाइल फोन और नकद रुपये बरामद किए गए।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह में कुल छह सदस्य हैं, जिनमें दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। इस नेटवर्क की मास्टरमाइंड मानी जा रही महिला मनजीत कौर पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुकी है। गिरोह की रणनीति अमीर व्यक्तियों को फंसाकर उनसे ब्लैकमेलिंग के जरिए पैसा ऐंठने की थी।

गिरोह की महिलाएं पहले टारगेट से बातचीत शुरू करती थीं और फिर सुनसान स्थानों पर उन्हें बुलाकर वीडियो बनाती थीं। इसके बाद धमकी देकर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी। गिरोह का दायरा खटीमा, नानकमत्ता और सितारगंज तक फैला हुआ था।

सीओ खटीमा विमल रावत के अनुसार, गिरोह के तीन और सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिससे स्पष्ट होता है कि यह संगठित ब्लैकमेलिंग रैकेट लंबे समय से सक्रिय था।

Share This Article
Leave a Comment