गाजियाबाद मंडल में परिवहन विभाग का बड़ा अभियान, नियम तोड़ने वाले 70 वाहनों पर कार्रवाई

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। लंबी दूरी की बसों और आल इंडिया व आल यूपी परमिट वाले यात्री वाहनों की जांच के लिए परिवहन विभाग ने सोमवार को गाजियाबाद मंडल में विशेष अभियान ‘आपरेशन कवच’ चलाया।

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 70 व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ चालान व बंद की कार्रवाई करते हुए 23.45 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क आरोपित किया गया।

परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डा. सियाराम वर्मा के नेतृत्व में गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ में अभियान चलाया गया। प्रवर्तन अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग की।

गाजियाबाद में परी चौक के निकट जीरो प्वाइंट से महमाया फ्लाईओवर तक तथा यूपी गेट से हापुड़-मेरठ रोड मार्ग पर यात्री वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, चालक के अभिलेख, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बाक्स सहित अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

उल्लंघन पर की गई कड़ी कार्रवाई

मानकों का उल्लंघन मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग के अनुसार गाजियाबाद में 33, गौतमबुद्धनगर में 24 और हापुड़ में 13 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

आरटीओ प्रवर्तन डा. सियाराम वर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अवैध व असुरक्षित यात्री परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और यात्रियों को सुरक्षित एवं मानक अनुरूप परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment