गाजियाबाद में दरिंदगी की कोशिश: ट्रोनिका सिटी में दो नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 6 और 7 साल की बच्चियों का पीछा करने, उन्हें बहलाने-फुसलाने और छेड़छाड़ करने का आरोप है। विरोध करने पर उसने बच्चियों के पिता के साथ गाली-गलौज भी की थी।

पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर को बच्चियों के पिता ने ट्रोनिका सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मीरपुर हिंदू गांव का रहने वाला दीपक कुमार उनकी दोनों बेटियों का पीछा करता था। आरोप है कि वह बच्चियों को बहलाने-फुसलाने के बाद उनके साथ छेड़छाड़ करता था। इस बारे में पूछने पर आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में आरोपों से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। गुरुवार, 15 अक्टूबर को पुलिस ने मंडौला चौकी क्षेत्र से दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

नशे की हालत में छेड़छाड़ करने की बात कही

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशा करने का आदी है। उसने दावा किया कि घटना वाले दिन शाम को वह नशे की हालत में मोहल्ले में घूम रहा था। इसी दौरान उसने बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ इस मामले में एक मुकदमा दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment