
गाजियाबाद। यातायात नियमों का पालन कराने के लिए सड़क पर मुस्तैद ट्रैफिक पुलिस को अक्सर लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ता है। ऐसा ही एक गंभीर मामला गाजियाबाद के डासना इलाके से सामने आया है।
आरोप है कि चालान का विरोध करते हुए दबंगों ने ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक दारोगा (टीएसआई) के साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, खींचतान में दारोगा की वर्दी फाड़ दी गई और उनका मोबाइल फोन और चश्मा भी तोड़ दिया गया। घटना के बाद वेव सिटी थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दिल्ली में प्रदर्शन के चलते चल रही थी सघन चेकिंग
घटना की जानकारी देते हुए ट्रैफिक पुलिस में तैनात दारोगा (TSI) विकास कुमार ने बताया कि सोमवार को उनकी ड्यूटी डासना के पास स्थित आइएमएस अंडरपास पर लगी हुई थी। उनके साथ हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार और कांस्टेबल मनीष कुमार भी चेकिंग अभियान में तैनात थे।
बिना नंबर प्लेट वाले ऑटो को रोका तो हुआ बवाल
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान एक ऑटो चालक जुबैर बहुत ही तेज स्पीड और लापरवाही से अपना ऑटो लेकर वहां से निकल रहा था। पुलिस टीम ने जब देखा कि ऑटो में सवारियां ठूंस-ठूंस कर भरी हुई थीं, जिससे हादसे का पूरा अंदेशा था।
इसके अलावा, ऑटो के आगे नंबर प्लेट भी गायब थी। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे रुकने का इशारा किया। जब पुलिस टीम ने ऑटो रोककर चालान की कार्रवाई शुरू की और वाहन को सीज (जब्त) करने की बात कही, तो चालक और उसके साथी भड़क गए।
वेव सिटी थाने में दर्ज हुई एफआईआर
बवाल के बाद टीएसआई विकास कुमार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर वेव सिटी थाने में पुलिस ने बंटी, जोगिंदर, तरुण और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट करने, नुकसान पहुंचाने और धमकी देने का केस दर्ज कर लिया है।
